top of page
Writer's pictureBB News Live

410 हज यात्रियों का जत्था मुंबई से सऊदी अरब के लिए रवाना

8 हजार हज यात्रियों के लिए मुंबई से होंगी 19 उड़ानें 



 मुंबई। शनिवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सऊदी एयर लाइन्स कि ट्राय स्टार नामक विमान ने 410 हज यात्रियों को लेकर उड़ान भरी, इन सभी हज यात्रियों को केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विदाई दी। हज के लिए पहली उड़न में एम्बार्केशन पॉइंट पर कुल 410 हज यात्री थे। इनमें 207 पुरुष और 203 महिला हज यात्री शामिल हैं। भारत से हज पर जाने वाले यात्रियों की यह पहली उड़न थी। इसके बाद 19 उड़ानों के जरिए मुंबई से कुल 8 हजार हज यात्री सऊदी अरब जायेंगे। इस मौके पर मुंबई में सऊदी अरब के शाही महावाणिज्य दूत, एच.ई. सुलेमान बिन ईद अल ओतैबी, भारतीय हज समिति के अध्यक्ष  ए.पी. अब्दुल्लाकुट्टी, हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ मोहम्मद याकूब शेख, जैनुद्दीन जावेरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


नकवी ने हज यात्रियों को दी मुबारकबाद 

नकवी ने यह भी उल्लेख किया कि सऊदी अरब सरकार के अधिकारी और प्रतिनिधि हमेशा भारत से हज यात्रियों के अच्छे आचरण के लिए उनकी सराहना करते हैं। मंत्री ने उम्मीद जताई कि हज 2022 पर जाने वाले भारतीय मुसलमान उस भरोसे को बरकरार रखेंगे। उन्होंने ऐसे महत्वपूर्ण समय में भारत को दिए गए समर्थन के लिए सऊदी अरब के महावाणिज्य दूत को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "सऊदी अरब ने इस साल भारत से हज यात्रियों की अधिकतम संख्या को अनुमति दी है।"


2022 हज में 50 प्रतिशत महिलाएं 

नकवी ने कहा कि कुल 79,237 भारतीय मुसलमान हज 2022 के लिए जा रहे हैं। गौरतलब है कि हज यात्रियों में लगभग 50% महिलाएं हैं। “मेहरम” या पुरुष साथी के बिना 1,800 से अधिक मुस्लिम महिलाएं हज 2022 के लिए जा रही हैं। महाराष्ट्र से 4874 यात्रियों ने हज 2022 के लिए पंजीकरण कराया है। मुंबई के अलावा, हज 2022 के लिए उड़ानें 9 अन्य आरोहण बिंदुओं- दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, कोच्चि, लखनऊ, श्रीनगर और गुवाहाटी से संचालित होंगी हैं।

Comments


bottom of page