top of page
Writer's pictureMeditation Music

सोमालिया तट से पकड़कर भारत लाए गए नौ समुद्री लुटेरों को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार



Mumbai Police arrested nine pirates who were captured from Somalia coast and brought to India.
Mumbai Police arrested nine pirates who were captured from Somalia coast and brought to India.

मुंबई : सोमालिया तट से पकड़कर भारत लाए गए नौ समुद्री लुटेरों को बुधवार को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। समुद्री लुटेरों ने ईरानी ध्वज वाले पोत को बंधक बना लिया था, जिसके बाद भारतीय नौसेना ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ा था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अपहरण की घटना 29 मार्च को हुई थी।

भारतीय नौसेना ने समुद्री डकैती रोधी अभियान के तहत 12 घंटे से ज्यादा समय तक कड़े सामरिक उपायों के बाद अपहृत ईरानी मछली पकड़ने वाली नौका और उसके चालक दल के सदस्यों को बचाया। घटना के समय जहाज सोकोट्रा के दक्षिण-पश्चिम में करीब 90 समुद्री मील की दूरी पर था।

भारतीय नौसेना की टीम के सफल अभियान के बाद समुद्री लुटेरों ने आत्मसमर्पण कर दिया और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया। इसके बाद नौसेना ने समुद्री लुटेरों को हिरासत में ले लिया और छह दिन की यात्रा के बाद उन्हें मुंबई लाया गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद नौसेना ने समुद्री लुटेरों को शहर की पुलिस को सौंप दिया।

उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने समुद्री लुटेरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, समुद्री डकैती रोधी कानून, पासपोर्ट कानून और विदेशी नागरिक कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं और उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए समुद्री लुटेरों की पहचान गेली जामा फराह (50 वर्षीय), अहमद बशीर उमर (42 वर्षीय), अब्दीकरीन मोहम्मद शायर (34 वर्षीय), अदन हसन वार्मासे (44 वर्षीय), मोहम्मद अब्दी अहमद (34 वर्षीय), अब्दीकादिर मोहम्मद अली (28 वर्षीय), अयदीद मोहम्मद जिमाले (30 वर्षीय), सईद यासीन अदन (25 वर्षीय) और जामा सैद एल्मी (18 वर्षीय) के रूप में हुई है।

Comments


bottom of page